राकेश मिश्रा
गोरखपुर: विश्व के सबसे लंबे प्लेटफार्म गोरखपुर स्टेशन पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराएगा। सूत्रों के अनुसार अगले महीने तक पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्यालय गोरखपुर रेलवे स्टेशन पर 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहराने लगेगा।

बता दें कि रेलमंत्री पीयूष गोयल ने बीते दिनों ट्वीट कर यह जानकारी दी थी कि देश के प्रमुख 75 ए वन श्रेणी के स्टेशनों पर 100 ऊँचा तिरंगा झंडा लगाया जायेगा। पूर्वोत्तर रेलवे के अंतर्गत मुख्यालय गोरखपुर सहित लखनऊ और छपरा जंक्शन भी A1 श्रेणी के स्टेशन में शामिल हैं।

रेलवे बोर्ड ने 22 अक्टूबर को इस सिलसिले में आदेश जारी किया था जिसे सभी क्षेत्रीय रेलवे को भेज दिया गया है।आदेश के मुताबिक संबद्ध अधिकारियों से अगले महीने के अंत तक तिरंगा झंडा लगाने का काम पूरा करने को कहा गया है। ये आदेश रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (स्टेशन विकास) विवेक सक्सेना ने जारी किया है। इसमें कहा गया है कि बोर्ड ने पहले के ए 1 श्रेणी के सभी रेलवे स्टेशनों पर कम से कम 100 फीट ऊंचा राष्ट्रध्वज लगाने का फैसला किया है।

इस सम्बन्ध में जब पूर्वोत्तर रेलवे के CPRO संजय कुमार यादव से इस संवाददाता ने बात की तो उनका कहना था कि बोर्ड स्तर पर सभी A1 स्टेशन पर 100 फ़ीट ऊँचा झंडा लगाने का निर्णय लिया गया है। इस सम्बन्ध में मंत्री जी ने भी ट्वीट कर बात की पुष्टि कर दी है।
हालांकि श्री यादव ने यह कहा कि गोरखपुर स्टेशन पर लगने वाले झंडे की तिथि और स्थान अभी नियत नहीं किया गया है। उनका कहना था कि इस सम्बन्ध में अभी तक उच्चाधिकारियों से उन्हें कोई सुचना नहीं मिली है। जैसे ही सुचना मिलेगी झंडा लगाने की कार्यवाई प्रारम्भ कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलमंत्री के ट्वीट को रेलवे प्रशासन ने गंभीरता से ले लिया है। मौखिक तैयारी शुरू हो गई है, ताकि निर्देश मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया तत्काल प्रभाव से शुरू की जा सके।
बता दें कि रेल मंत्रालय ने दिसंबर के अंत तक देश के सभी 75 रेलवे स्टेशनों पर तिरंगा फहराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस संबंध में जल्द ही सभी जोनल कार्यालयों को लिखित दिशा-निर्देश मिल जाएगा।
गोरखपुर स्टेशन पर 100 फ़ीट ऊँचा झंडा लहराने के बाद सीएम सिटी में यह दूसरा स्थान होगा जहाँ इतना ऊँचा तिरंगा लहराएगा। इससे पहले दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर पहले से ही 100 फीट ऊंचा तिरंगा लहरा रहा है। 19 जून, 2018 में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका ध्वजारोहण किया था। यह गोरखपुर शहर ही नहीं पूर्वाचल का सबसे ऊंचा तिरंगा है।


