उत्तर प्रदेश गोरखपुर का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस
गोरखपुर: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ व राज्य के अन्य जिलों में बुधवार को भी बदली छाई हुई है और तेज ठंडी हवाएं चल रही हैं। इससे तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आने की उम्मीद है।

मौसम विभाग के निदेशक जे पी गुप्ता के अनुसार दिन में बदली का असर रहेगा और अधिकतम तथा न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। दिन में 20 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। मौसम का यह रुख अगले दो तीन दिनों तक जारी रहने की संभावना है।

गुप्ता के अनुसार हालांकि दिन में हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है, जिससे उत्तर प्रदेश में ठंड अचानक बढ़ेगी।

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को लखनऊ का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है।
लखनऊ के अतिरिक्त बुधवार को कानपुर का न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री, बनारस का 11.4 डिग्री, इलाहाबाद का 10.7 डिग्री और झांसी का 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
(आईएएनएस)


